logo

पुलिस बनकर महिला से साढ़े 3 लाख के गहने ठगे, पुड़िया बदलकर 4 अपराधी फरार

पुलिस बनकर महिला से साढ़े 3 लाख के गहने ठगे, पुड़िया बदलकर 4 अपराधी फरार

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बाइक सवार चार अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात ठग लिए। अपराधियों ने महिला को इलाके में मारपीट की घटना होने का डर दिखाया और सुरक्षा के नाम पर उसके पहने हुए सोने के गहने उतरवा लिए। इसके बाद शातिर तरीके से असली जेवरात वाली पुड़िया बदलकर महिला के हाथ में दूसरी पुड़िया थमा दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सिहोडीह निवासी पीड़िता सीमा देवी ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में अपराधियों की गतिविधियां कई स्थानों पर कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि सीमा देवी घर से पूजा का सामान खरीदने के लिए पास की एक दुकान की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया। महिला के मुताबिक, अपराधियों ने पहले आवाज देकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद एक अपराधी उनके पास पहुंचा और उन्हें अपने अन्य साथियों के पास ले गया। वहां चारों ने खुद को मुफस्सिल थाना से आए पुलिसकर्मी बताया।

कागज में गहने लपेटने का किया नाटक, फिर बदल दी पुड़िया

अपराधियों ने महिला से कहा कि इलाके में मारपीट की घटना हुई है और ऐसे माहौल में सोने के जेवर पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने महिला को विश्वास में लेते हुए गहने उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। खुद को पुलिसकर्मी समझकर महिला उनके झांसे में आ गई और उसने पहने हुए सोने के जेवरात उतारकर अपराधियों को सौंप दिए। इसके बाद अपराधियों ने जेवरात को एक कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान जब महिला का ध्यान दूसरी ओर हुआ तो अपराधियों ने बड़ी सफाई से असली जेवरात वाली पुड़िया बदल दी और दूसरी कागज की पुड़िया उसके हाथ में थमा दी। कुछ देर बाद महिला ने जब पुड़िया खोलकर देखी तो उसमें सोने के जेवरात नहीं थे। तब तक चारों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो चुके थे। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई। पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर लगे कैमरों से महत्वपूर्ण फुटेज मिलने की बात सामने आई है।

रेकी से फरार होने तक कैमरे में कैद हुई गतिविधियां

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों द्वारा महिला की रेकी करने से लेकर उसे अपने झांसे में लेने और वारदात को अंजाम देने के बाद भागने तक की गतिविधियां कैद होने की बात कही जा रही है। अब पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, बाइक और उनके संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है। मुफस्सिल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। घटना के बाद इलाके में भी लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लोगों के झांसे में न आएं। खासकर यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताकर सोने के जेवर उतारने या सुरक्षित रखने की बात कहता है तो उसकी बात पर भरोसा करने के बजाय तत्काल नजदीकी थाना को सूचना दें।

Tags - Giridih Crime Gold Jewellery Fake Police Jharkhand