गिरिडीह
नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बोरवेल वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोरवेल पर काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। 
घटना की पूरी जानकारी
घटना के संबंध में बोरिंग करा रहे मो. ताजुद्दीन ने बताया कि रात करीब 2 बजे बोरवेल वाहन को उनके घर के पास सड़क किनारे खड़ा कर काम शुरू किया गया था। इसी दौरान सुबह लगभग 4 बजे JH02-AA-2941 नंबर के तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आकर बोरवेल वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में काम कर रहे मजदूर गंगो मंडल, मनोज दास और रामेश्वर दास गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बोरवेल वाहन संचालक कार्तिक बरनवाल ने बताया कि टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 
वहीं भागने में नाकाम रहा ट्रक चालक
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।