द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड के रहने वाले कुलदीप तुरी ने सिस्टम की बेरुखी से परेशान होकर अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया है। जमीन पर कथित अवैध कब्जे और लगातार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से परेशान कुलदीप ने अपने आधे बाल और आधी मूंछ हटा ली है। उन्होंने गिरिडीह डीसी कार्यालय के सामने यह विरोध दर्ज कराया। कुलदीप का कहना है कि जब व्यवस्था के दरवाजे पर बार-बार दस्तक देने के बाद भी न्याय नहीं मिला, तो उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा।

स्थानीय थाना से डीसी कार्यालय तक की शिकायत
कुलदीप के अनुसार, उनके गांव की जमीन पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया है। इस मामले को लेकर उन्होंने स्थानीय थाना से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और डीसी कार्यालय तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उनका कहना है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं होने से वह काफी परेशान हैं। इसी के विरोध में उन्होंने अपने बाल और मूंछ का आधा हिस्सा हटाकर प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकर्षित करने की कोशिश की है।

एक सप्ताह से परिवार के साथ धरने पर बैठे
न्याय की आस में कुलदीप पिछले करीब एक सप्ताह से अपने पूरे परिवार के साथ गिरिडीह डीसी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि परिवार के साथ खुले आसमान के नीचे बैठकर भी उनकी फरियाद पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कुलदीप ने जिला प्रशासन, विशेषकर डीसी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि आम लोगों को न्याय दिलाने के लिए बनी व्यवस्था में यदि उनकी शिकायत ही अनसुनी रह जाए, तो वे अपनी पीड़ा किसके सामने रखें। वह जमीन से जुड़े मामले में समाधान और न्याय की मांग कर रहे हैं।