पीयूष मिश्रा/गिरिडीह
गिरिडीह के खंडीहा गांव में शुक्रवार सुबह मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मृतक दिलीप दास के परिजनों से मिलने पहुंचे। पिछले दिनों सीसीएल गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला चोरी को लेकर हुए विवाद और झड़प के दौरान 25 वर्षीय दिलीप दास की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार सीसीएल गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला चोरी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसी दौरान हुई मारपीट और झड़प में दिलीप दास की मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया था। स्थानीय लोग दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

मंत्री ने सौंपी आर्थिक सहायता
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए तत्काल आर्थिक सहायता राशि भी सौंपी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार की जरूरतों का ध्यान रखा जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जाए।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राजनीति करने के बजाय मानवता के आधार पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना जरूरी है। प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।