गिरिडीह
गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अब राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार के समक्ष मामला उठाया है। अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर दस्तावेज एवं साक्ष्यों के साथ विस्तृत ज्ञापन सौंपा। अभाविप ने राज्यपाल से मांग की कि गिरिडीह कॉलेज के पूरे प्रकरण की विश्वविद्यालय प्रशासन से स्वतंत्र उच्चस्तरीय समिति गठित कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। संगठन ने कहा कि जांच पूरी होने तक संबंधित पदाधिकारियों को प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों से अलग रखा जाए, ताकि अभिलेख एवं दस्तावेज प्रभावित न हों। अभाविप के अनुसार मामले में परीक्षा बिल, मानदेय भुगतान, हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज, उपस्थिति पंजी, परीक्षा रिकॉर्ड, आईजीएनओयू अध्ययन केंद्र से जुड़े अभिलेख, कार्यालय पत्राचार और बैंक संबंधी दस्तावेज उपलब्ध हैं। संगठन ने आवश्यकता पड़ने पर हस्ताक्षरों एवं वित्तीय लेन-देन का फोरेंसिक ऑडिट कराने की भी मांग की।
मामला विद्यार्थियों और कॉलेज की व्यवस्था से सीधे जुड़ा है
अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि गिरिडीह कॉलेज का मामला विद्यार्थियों और कॉलेज की व्यवस्था से सीधे जुड़ा है। उन्होंने कहा कि संगठन के पास दस्तावेज एवं साक्ष्य हैं, इसलिए स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच हो और जांच के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों से अलग रखा जाए।
मुर्मू ने कहा कि अभाविप किसी व्यक्ति के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। संगठन चाहता है कि सच्चाई सामने आए और यदि जांच में वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता प्रमाणित होती है, तो दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन और शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी हासिल करने और लोक भवन से संबंधित विश्वविद्यालय को शीघ्र सूचना जारी करने का आश्वासन दिया।