द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 में एसआईआर के दौरान एक महिला BLO के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिला BLO रूबी प्रवीण गुरुवार को वार्ड संख्या-25 में SIR के तहत मतदाता सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान मोहम्मद फैयाज, मोहम्मद अज़ाज़ और मोहम्मद इजाज़ ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप यह भी है कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

थाना पहुंचे दर्जनों बीएलओ
घटना के विरोध में शुक्रवार को दर्जनों BLO गिरिडीह नगर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। BLO का कहना है कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सरकारी दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन कार्य के दौरान उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। BLO ने कहा कि SIR अभियान के तहत घर-घर जाकर सत्यापन और मैपिंग करने के दौरान कई स्थानों पर लोगों का सहयोग नहीं मिल रहा है। गुरुवार की घटना के बाद उनमें भय का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो निष्पक्ष और सुचारु रूप से कार्य करना कठिन हो जाएगा।

सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
सभी BLO ने प्रशासन से मांग की है कि SIR कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बिना किसी भय के अपना दायित्व निभा सकें। साथ ही महिला BLO के साथ मारपीट, मोबाइल छीनने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल नगर थाना पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।