logo

गिरिडीह के बेंगाबाद में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी खेल, घटना में दर्जनों लोग हुए घायल

BENGABAD_GHATNA.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर गांव में मंगलवार की सुबह हिस्सेदारी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के तरफ से जमकर लाठियां चली और मारपीट के साथ - साथ एक दूसरे के घर को आग के हवाले भी कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फौरन अग्निशामक दल को बुलाया गया। अग्निशामक दल के पहुंचने के बाद झोपड़ीनुमा मकान में लगे आग को बुझाया गया। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों से दर्जनों लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक पक्ष से महिला समेत सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें मंटू साव, मितन साव और उनकी पत्नी बबीता देवी पुत्र गोविंद साव, फूलचंद साव, गुलटन साव और विकाश साव शामिल हैं। इसमें फूलचंद साव के सर में गंभीर चोट होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं इस खूनी संघर्ष में दूसरे पक्ष से लगभग पांच लोग घायल हुए हैं। जिनमें टुनटुन साव, विष्णु साव, अमृत साव सहित पांच लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद एक पक्ष के घायलों को इलाज के लिए बेंगाबाद सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं दूसरे पक्ष के घायलों का इलाज गिरिडीह के एक अस्पताल में कराया जा रहा है। 

इस मारपीट की घटना को लेकर बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। घटना की सुबह एक पक्ष के गुलटन साव सहित अन्य लोग विवादित जमीन पर मकान बनाने के लिए नींव की खुदाई कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोचन साव एवं अन्य लोगों ने जमीन बंटवारे के बाद मकान बनाने की बात कहकर नींव खुदाई का कार्य रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडा और रोड़ेबाजी की गई। मारपीट के दौरान मामला को तूल देने की नियत से दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे के घरों को आग के हवाले भी कर दिए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि घटना की सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और वहां मोर्चा संभाला तब जाकर मामला शांत पड़ा। पुलिस ने अग्निशामक सेवा को फोन कर बुलाया और झोपड़ीनुमा मकान में लगी आग को अग्निशामक दस्ता द्वारा बुझाया गया। पुलिस ने मारपीट में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए बेंगाबाद के सरकारी अस्पताल भेजा गया।

इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति से अवगत हुए और उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली। मारपीट की घटना के बाद गांव की स्थिति को देखते हुए तत्काल एक पक्ष के पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जबकि दूसरे पक्ष के लोगों को पुलिस हिरासत में लेने के लिए पुलिस की एक टीम को गिरिडीह भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है, और स्थिति नियंत्रण में है। इस मामले में बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि  जमीन विवाद के कारण दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना घटी है। कई लोग घायल हैं, घायलों का इलाज कराया जा रहा है, मारपीट के दौरान आगजनी की घटना भी घटी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है।
 

Tags - giridih bengabad bengabad police station bahadurpur village giridih news jharkhand news property dispute family dispute violent clash lathi attack houses set on fire arson incident