logo

गिरिडीह में वीडियो बनाने पर BDO और युवक के बीच विवाद, ग्रामीणों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक

Screenshot_2026-09-04_092759.jpg

गिरिडीह:
गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड के कुसुमाड़ीह पंचायत सचिवालय में गुरुवार को एसआईआर कार्य के लिए लगाए गए कैंप के दौरान जमकर हंगामा हुआ। वीडियो बनाने को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ललित नारायण तिवारी और एक स्थानीय युवक के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बीडीओ समेत पंचायत सचिवालय में मौजूद अन्य कर्मियों को अंदर ही बंधक बना लिया। घटना के बाद पंचायत सचिवालय परिसर में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य कराया।

वीडियो बनाने को लेकर युवक से हुई बीडीओ की कहासुनी
दरअसल, कुसुमाड़ीह पंचायत सचिवालय में एसआईआर कार्य को लेकर कैंप लगाया गया था। सरिया बीडीओ ललित नारायण तिवारी भी सर्वेक्षण कार्य के लिए पंचायत सचिवालय पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय युवक आजाद अंसारी मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगा। बीडीओ ने युवक के वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान बीडीओ ने युवक के साथ मारपीट की और उसका गला दबाया। हालांकि, प्रशासन की ओर से घटना को लेकर अलग पक्ष सामने रखा गया है।

ग्रामीणों ने बीडीओ से माफी मांगने की रखी मांग
विवाद की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत सचिवालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने बीडीओ के खिलाफ नाराजगी जताते हुए उन्हें और अन्य कर्मियों को पंचायत सचिवालय के अंदर बंद कर दिया। ग्रामीण बीडीओ से माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे। बीडीओ और अन्य कर्मियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सरिया-बगोदर एसडीएम संतोष गुप्ता और एसडीपीओ धनंजय राम तत्काल मौके पर पहुंचे।

आसपास के थानों से बुलाया गया पुलिस बल
स्थिति को देखते हुए सरिया, बगोदर और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मामले को शांत कराने की कोशिश की। प्रशासनिक अधिकारियों की पहल के बाद ग्रामीणों से बातचीत हुई, जिसके बाद पंचायत सचिवालय में बनी तनावपूर्ण स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल पंचायत सचिवालय के बाहर तैनात रहा।

एसडीएम ने कहा- हल्की नोकझोंक के बाद ग्रामीण हुए आक्रोशित
मामले में सरिया-बगोदर एसडीएम संतोष गुप्ता ने बताया कि बीडीओ के साथ हल्की नोकझोंक हुई थी। इसके बाद कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए। प्रशासन ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पंचायत सचिवालय के बाहर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।
 

Tags - Giridih Sariya BDO Dispute Hostage Situation