द फॉलोअप डेस्क
रांची स्थित जीडी गोयनका स्कूल में आज ओरिएंटेशन डे का आयोजन किया गया, जिसमें नए अभिभावकों को विद्यालय के माहौल, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा प्रशासनिक स्टाफ से परिचित कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों में यह विश्वास स्थापित करना था कि विद्यालय परिसर में उनके बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही दिशा दी जा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मदन सिंह और उपनिदेशक अमन सिंह ने विद्यार्थियों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कुमार ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की स्थापना और उसके विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय की विशेषता यह है कि यहां बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जाती है, जिसके कारण विद्यार्थी बीमार होने पर भी स्कूल आने के लिए उत्साहित रहते हैं। विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस रूमा सेनगुप्ता ने अभिभावकों के समक्ष शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का परिचय कराया। कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी शिक्षिका स्निग्धा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस प्रकार के आयोजनों से अभिभावकों को विद्यालय की कार्यप्रणाली, वातावरण और नीतियों को समझने का अवसर मिलता है।
