गढ़वा-
गढ़वा जिला समाहरणालय के आपूर्ति विभाग में एक नाजीर पर एक विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता एक विधवा महिला है और उसके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में राशन कार्ड बनवाने के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय जाने के दौरान उसकी मुलाकात नाजीर अजय कुमार से हुई थी। काम कराने के बहाने उसने महिला का मोबाइल नंबर लिया और बाद में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।

शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध, अब कर रहा इनकार
महिला का आरोप है कि अजय कुमार ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आवेदन में महिला ने यह भी कहा है कि कुंभ मेले के दौरान आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर विवाह का भरोसा दिया था। हालांकि अब वह शादी से इनकार कर रहा है, जिसके बाद महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

डीसी ने मांगी कार्रवाई, कंप्यूटर ऑपरेटर पर भी आरोप
मामले की जानकारी मिलने पर उपायुक्त ने तत्काल जिला आपूर्ति पदाधिकारी को संबंधित कर्मी को उसके मूल विभाग वापस भेजने और विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। वहीं महिला ने कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार पर भी गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। हालांकि अनिल कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि मामले में कार्रवाई के लिए उपायुक्त को पत्र भेज दिया गया है और निर्देश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।