logo

गढ़वा सदर अस्पताल में बेटी का इलाज कराने आए पुलिस जवान की बाइक चोरी, CCTV में कैद वारदात

गढ़वा सदर अस्पताल में बेटी का इलाज कराने आए पुलिस जवान की बाइक चोरी, CCTV में कैद वारदात

गढ़वा: 
गढ़वा सदर अस्पताल परिसर से एक पुलिस जवान की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। जिला पुलिस के जवान अजीत पांडेय अपनी बेटी का इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंचे थे। इलाज कराने के बाद जब वह वापस जाने के लिए पार्किंग स्थल पर पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।

पार्किंग स्थल से बाइक लेकर फरार हुआ चोर
सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवक मोटरसाइकिल चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज में युवक पहले बाइक के पास पहुंचता है और आसपास की स्थिति पर नजर रखने के बाद बाइक का लॉक खोलने की कोशिश करता है। वह काफी देर तक बाइक का ताला खोलने का प्रयास करता रहा। ताला खुलने के बाद युवक मोटरसाइकिल लेकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मोटरसाइकिल चोरी की पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोर की पहचान करने में जुटी है। घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, अस्पताल परिसर से पुलिस जवान की बाइक चोरी होने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Tags - Garhwa News Bike Theft Sadar Hospital CCTV Footage Jharkhand Crime