द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को सरकार की ओर से छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण के दौरान अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद हंगामा हो गया। आरोप है कि टाटीदीरी उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं से साइकिल दिलाने के नाम पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रति छात्र 50 रुपये की वसूली की गई। जैसे ही मामला सामने आया, वहां मौजूद बच्चों ने एक स्वर में बताया कि उनसे साइकिल लेने के लिए पैसे लिए गए हैं।

बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद लौटाए गए पैसे
छात्र-छात्राओं के आरोप के बाद कुछ देर तक प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल रहा। मामले की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अनुरंजन झा मौके पर पहुंचे और बच्चों से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने टाटीदीरी उच्च विद्यालय के शिक्षक प्रमोद कुमार और पंकज भारती को तलब कर मामले में पूछताछ की। बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद बच्चों से लिए गए सभी पैसे वापस करा दिए गए।

जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में बीडीओ अनुरंजन झा ने कहा कि सरकारी योजनाओं के नाम पर छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली गंभीर मामला है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी शिक्षक या कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले पर टाटीदीरी उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक पारसनाथ यादव ने कहा कि विद्यालय स्तर पर किसी भी छात्र से कोई पैसा नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय पहुंचने के बाद यदि किसी ने पैसे लिए हैं, तो इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।