logo

गढ़वा में 48 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार, मोटर पंप और बैटरियां बरामद

Screenshot_2026-08-14_104306.jpg

गढ़वा
गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैतीखैर गांव में हुई चोरी की घटना का चिनिया पुलिस ने महज दो दिनों में उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए विद्युत मोटर पंप, जनरेटर का अल्टरनेटर और ट्रक की दो बड़ी बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक, ब्लेड और सलाई रिंच भी जब्त किए गए हैं।
रविवार की रात हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात बिलैतीखैर गांव निवासी मुखलाल यादव और सुनील कुमार यादव के विद्युत मोटर पंप, सुरेंद्र पाल के जनरेटर का अल्टरनेटर तथा ट्रक संख्या CG 07 CS 7814 से दो बड़ी बैटरियां और डीजल चोरी कर लिया गया था। पीड़ितों के आवेदन के आधार पर चिनिया थाना कांड संख्या 30/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
छापेमारी टीम ने किया खुलासा
गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रंका रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस को बिलैतीखैर गांव के ही अजय कुमार यादव (22 वर्ष), पिता मिथिलेश प्रसाद यादव और सोनू कुमार साव (23 वर्ष), पिता शंकर साव की संलिप्तता की जानकारी मिली।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और चोरी का सामान गांव में छिपाकर रखने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सुनील यादव का डेढ़ एचपी का मोटर पंप, मुखलाल यादव का दो एचपी का मोटर पंप, सुरेंद्र पाल के जनरेटर का अल्टरनेटर तथा ट्रक की दो बड़ी बैटरियां बरामद कर लीं। साथ ही घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक (JH 14 N 8026), ब्लेड और सलाई रिंच भी जब्त किए गए।
एसडीपीओ ने दी कार्रवाई की जानकारी
गुरुवार को चिनिया थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी की घटना का सफल उद्भेदन किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Tags - Garhwa Chinia Crime Police Theft