logo

सरायकेला में LPG सिलेंडरों से लदा वाहन बीच सड़क पर पलटा, मची अफरा-तफरी

सरायकेला में LPG सिलेंडरों से लदा वाहन बीच सड़क पर पलटा, मची अफरा-तफरी

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रापचा के समीप एलपीजी सिलेंडरों से लदा एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में 50 से अधिक सिलेंडर लदे होने के कारण दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात रही कि दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, एलपीजी सिलेंडरों से लदा एक वाहन रांची से गम्हरिया स्थित एचपी गैस गोदाम की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार तेज थी। रापचा के पास मुख्य सड़क के किनारे गड्ढे की चपेट में आने के बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन बीच सड़क पर पलट गया। वाहन पलटते ही उसमें लदे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए।

बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया
इस दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया। गम्हरिया थाना के एएसआई विशु उरांव ने बताया कि वाहन पलटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सभी सिलेंडरों को सुरक्षित दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया। दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय सिलेंडरों में गैस नहीं होने की बात सामने आई है। इस बात की जानकारी मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

Tags - LPG Cylinder Vehicle Road Accident jharkhand Police Cylinder Loaded Vehicle