logo

हादसा नहीं, साजिशन हत्या: रांची में दोस्ती का खौफनाक अंजाम, पैसों के झगड़े में जानबूझकर चढ़ा दी थी गाड़ी

ूपोी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के पास एक युवक की SUV से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में मृतक का ही करीबी दोस्त आरोपी निकला। पुलिस ने फरार आरोपी को बरही से गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। आरोपी का नाम अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32 वर्ष) है, जो अमरावती कॉलोनी का निवासी है। धर्मेंद्र के पिता रामाश्रय शर्मा, जो दारोगा पद से सेवानिवृत्त हैं, ने चुटिया थाने में अतुल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।


प्राथमिकी के अनुसार, परिवार पहले कृष्णापुरी में रहता था और मुनचुन सिंह व अतुल सहित अन्य लोगों से पुरानी जान-पहचान थी। मुनचुन सिंह के गृह प्रवेश कार्यक्रम में धर्मेंद्र भी शामिल होने गया था। इसी दौरान धर्मेंद्र और अतुल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अतुल ने साजिश के तहत जानबूझकर धर्मेंद्र पर अपनी गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (1), 103 (1) और 61 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि धर्मेंद्र और अतुल के बीच लंबे समय से दोस्ती थी। दोनों जमीन के कारोबार से जुड़े थे। कुछ समय से पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। हाल ही में धर्मेंद्र हटिया स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में अपना नया घर बनाकर शिफ्ट हुआ था। बुधवार रात करीब 10:15 बजे अमरावती कॉलोनी में आयोजित गृह प्रवेश समारोह के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद अतुल ने गुस्से में आकर धर्मेंद्र पर SUV चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद छह अन्य लोग भी गाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त SUV को जब्त कर लिया है।