द फॉलोअप डेस्क
दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। रविवार सुबह घर के अंदर एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों के शव मिले, जबकि पति का शव घर से कुछ दूरी पर खेत में बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मृतकों की पहचान बीरेंद्र कुमार (32), उनकी पत्नी आरती कुमारी (27), बेटा विराज कुमार (2) और बेटी रूही कुमारी (4) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मछली व्यापारी बीरेंद्र अपनी पत्नी को शुक्रवार को मायके से वापस घर लाए थे। रविवार सुबह परिवार के लोग घर पहुंचे तो आरती और दोनों बच्चे मृत अवस्था में मिले। बाद में खोजबीन के दौरान बीरेंद्र का शव भी पास के खेत में मिला, जिसके गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि चारों शव बरामद कर लिए गए हैं और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृत्यु के कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
