द फॉलोअप डेस्क, कोडरमा:
Former MLA Crawls Under Freight Train : जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत हीरोडीह पंचायत के रेभनाडीह गांव में रेलवे लाइन और बाउंड्री वॉल के कारण उत्पन्न आवागमन की गंभीर समस्या एक बार फिर सामने आई है। झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं बरकट्ठा के पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव(Janki Prasad Ydav) को गांव जाने के दौरान घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके बाद उन्हें मजबूरी में लूप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर रेलवे लाइन पार करनी पड़ी। बताया गया कि उक्त मालगाड़ी केटीपीएस (बांझेडीह) के लिए कोयला लेकर जाने वाली थी। इस घटना ने रेलवे प्रशासन की व्यवस्था और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रेलवे की बाउंड्री वॉल से भी बढ़ी परेशानी
जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि रेलवे लाइन के साथ लगाए गए लोहे की चादरों के बाउंड्री वॉल के कारण लोगों का आवागमन और अधिक कठिन हो गया है। स्थिति यह है कि कई जगहों पर लोगों को टेढ़े होकर निकलना पड़ता है और सीधे चलना भी मुश्किल हो गया है। रेलवे लाइन और बाउंड्री वॉल के कारण स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों तथा पशुओं की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि हीरोडीह और रेभनाडीह गांव के ग्रामीणों की खेती की जमीन रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित है। रेल निर्माण के दौरान ग्रामीणों ने विकास की उम्मीद में अपनी जमीन दी थी, लेकिन आज वही रेलवे लाइन गांव को दो हिस्सों में बांटती नजर आ रही है। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज, खेती-बारी और बाजार आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दर्जनों गांवों के लिए यही है मुख्य रास्ता
रेभनाडीह और आसपास के दर्जनों घनी आबादी वाले गांवों के लोगों के लिए जिला मुख्यालय कोडरमा और झुमरी तिलैया बाजार जाने का यही प्रमुख मार्ग बताया जा रहा है। आवागमन का सुरक्षित विकल्प नहीं होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। यादव ने कहा कि धनबाद जंक्शन से गया जंक्शन के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण के दौरान किया गया सर्वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक नहीं था। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
.jpeg)
वर्षों से उठ रही अंडरपास निर्माण की मांग
जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि हीरोडीह स्टेशन रोड के लिए जमीन उपलब्ध कराने और रेभनाडीह में रेलवे अंडरपास (RUB) का निर्माण कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है। जब वे विधायक थे, तब भी उन्होंने रेल मंत्री से मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फुट ओवरब्रिज का निर्माण हो जाने के बावजूद रेभनाडीह के ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान रेलवे अंडरपास के बिना संभव नहीं है। अंडरपास बनने से ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन का रास्ता मिलेगा और रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित खेतों तक पहुंचना भी आसान होगा।

डीआरएम धनबाद से तत्काल कार्रवाई की मांग
यादव ने धनबाद मंडल के डीआरएम और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि तत्काल एक उच्चस्तरीय टीम गठित कर हीरोडीह पंचायत के रेभनाडीह गांव का स्थल निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने रेलवे अंडरपास निर्माण की दिशा में शीघ्र ठोस पहल करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अंडरपास का निर्माण नहीं होता, तब तक क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे लाइन पार करने के लिए मालगाड़ी के नीचे से गुजरने जैसी मजबूरी किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।