logo

गढ़वा : ईद मिलाद-उन-नबी पर कर्बला मैदान पहुंचे पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, लोगों को दी मुबारकबाद

ASesGH.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित कर्बला मैदान में आयोजित जश्न-ए-ईद मिलाद-उन-नबी के पावन अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने लोगों को ईद मिलाद-उन-नबी की बधाई और शुभकामनाएं दीं। लोगों ने मिथिलेश ठाकुर का पगड़ी बांधकर और माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री ने कहा कि ईद मिलाद-उन-नबी पैगंबर हज़रत मुहम्मद साहब के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है, जो इस्लाम धर्म के सबसे महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है। यह पर्व इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-अल-अव्वल की 12वीं तारीख को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन मुसलमान पैगंबर मुहम्मद के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के लिए किए गए उनके कार्यों को याद करते हैं। यह दिन शांति, भाईचारा, एकता और दया जैसे मूल्यों को अपनाने का संदेश देता है। पैगंबर मुहम्मद का जन्म लगभग 570 ईस्वी में मक्का नगरी में हुआ था और उन्हें इस्लाम धर्म का अंतिम नबी माना जाता है।
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि हमें उनके बताए रास्तों पर चलकर समाज में प्रेम, शांति और सद्भावना को बढ़ावा देना चाहिए। इस अवसर को उन्होंने मानवता और एकता के प्रतीक के रूप में मनाने की अपील की। कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु राम, पार्टी सचिव शरीफ अंसारी, तनवीर आलम, मकबूल आलम, छोटू सिंह खरवार, मदनी खान, नईम सिद्दीकी, नासिर खान, नेजाम खान, अब्दुल खालिद कुरैशी, शादाब खान, वसीम खान, साबिर सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


 

Tags - Latest Garwah News Garwah News updates latest Garwah News  latest Garwah nws Garwah Updates Garwah updates in Hindi Garwah News Updates Garwah News in hindi