logo

पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर से मिले पलामू के बेरोजगार युवा, चतुर्थ वर्गीय परीक्षा जल्द कराने की मांग तेज 

shukla.jpg

गढ़वा 

झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर से मुलाकात कर पलामू जिले के हजारों बेरोजगार युवाओं ने उनके भविष्य से जुड़े चतुर्थ वर्गीय (Fourth Grade) नियुक्ति की लंबित परीक्षा के मुद्दे को मजबूती के साथ रखा। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से मांग की कि विज्ञापन संख्या 01/2025 में परीक्षा का उल्लेख करते हुए जल्द से जल्द पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से परीक्षा आयोजित की जाए। वहीं मिथलेश ठाकुर ने भी पूरे विषय को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण मुद्दे को राज्य सरकार के समक्ष मजबूती और प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा अभ्यर्थियों के हक में ठोस निर्णय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

हजारों युवाओं के जीवन और भविष्य का सवाल

इस दौरान छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला के नेतृत्व में उपस्थित प्रतिनिधिमंडल ने साफ शब्दों में कहा कि यह केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के जीवन और भविष्य का सवाल है। लंबे समय से परीक्षा लंबित रहने के कारण अभ्यर्थियों में आक्रोश व्याप्त है। इस अवसर पर सत्येंद्र मेहता, अनिल बैठा, जनेश शर्मा, रविंदर चंद्रवंशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि अब युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर राज्य स्तर तक बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।

Tags - former minister mithilesh thakur palamu unemployed youth fourth grade recruitment pending government exam