द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले में गुरुवार रात को गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। एक घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनाएं तालझारी और राधानगर थाना क्षेत्र की हैं। वारदात के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर आवागमन ठप कर दिया।
तालझारी में जुए के विवाद में युवक की हत्या
पहली घटना तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर डाक बंगला खंता इलाके की है। यहां जुए के दौरान हुए विवाद में 30 वर्षीय पांचू मंडल को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल पांचू को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोली उसके सीने के बीचों-बीच लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। मृतक के भाई फेकन मंडल के मुताबिक, पांचू ने दम तोड़ने से पहले बताया कि गदाई दियारा के जॉनी टाइगर ने उसे गोली मारी है। पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश और जुए में पैसे के लेनदेन से जुड़ा मानकर जांच कर रही है।
राधानगर में अधेड़ पर हमला, गोली मारने के बाद सिर पर भी वार
दूसरी घटना राधानगर थाना क्षेत्र की है। यहां पंचायत भवन के पास 60 वर्षीय कृष्णा घोष पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी और धारदार हथियार से सिर पर वार किया। घायल हालत में परिजन उन्हें पश्चिम बंगाल के फरक्का स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हमले के बाद कृष्णा घोष ने गांव के ही वासुदेव घोष, संतोष घोष और जोष्टी मंडल के बेटे पर हमला करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि हमलावरों से उनका पुराना जमीन विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही राधानगर, बरहरवा और राजमहल थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।