logo

जामताड़ा में LPG ऐप के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार; देशभर में फैला था नेटवर्क

jam0011.jpg

जामताड़ा
झारखंड के जामताड़ा में एक बार फिर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। इस बार अपराधियों ने LPG गैस ऐप के नाम पर लोगों को निशाना बनाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
यह कार्रवाई साइबर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की, जिसका नेतृत्व पुलिस अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता ने किया। टीम ने बिन्दापाथर थाना क्षेत्र के पगला मोड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव में एक साथ छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा।
जांच में सामने आया कि आरोपी WhatsApp के जरिए लोगों को LPG गैस से संबंधित APK फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता था और निजी जानकारी अपराधियों के हाथ लग जाती थी। इसके बाद आरोपी ई-वॉलेट के माध्यम से पीड़ितों के खाते से पैसे उड़ा लेते थे। यह तरीका बेहद खतरनाक और सुनियोजित था, जिससे कई लोग शिकार बन सकते थे।


बरामद सामान और नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड, 1 लाख 2 हजार 400 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ था और वे अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपी जगदीश मंडल पहले भी साइबर ठगी के मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस की अपील और सख्त कार्रवाई
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 18/26 के तहत IT एक्ट, BNS 2023 और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें और WhatsApp पर आए संदिग्ध लिंक से सावधान रहें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि एक छोटी सी गलती आपकी पूरी जमा पूंजी को खतरे में डाल सकती है, इसलिए डिजिटल सतर्कता बेहद जरूरी है।


 

Tags - ONLINE FRAUD WHATSAPP SCAM CYBER SECURITY POLICE ACTION INDIA CRIME