रांची
पथ निर्माण विभाग (Road construction department) के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कहा कि झारखंड में जल्द ही एक्प्रेस-वे कॉरिडोर बनेगा। साथ ही टूरिस्ट एक्सप्रेस-वे के निर्माण की भी योजना है। इन प्रोजेक्ट्स में वल्ड बैंक मदद करेगा। कुमार गुरुवार को सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के सभागार में विभाग की उपलब्धियों की जानकरी मीडिया को दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते 4 सालों में विभाग ने 95 फीसदी बजट की राशि खर्च की है। वर्तमान समय में भी अब तक वित्तीय वर्ष 2023-24 की 60 प्रतिशत राशि खर्च की जा चुकी है। बताया कि राज्य में कुल 17000 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाना है, जिसमें से 14000 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 2000 किलोमीटर सड़क नेशनल हाईवे के माध्यम से बनाई जा रही है। राज्य सरकार की ओर से कुल 5200 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा हो चुका है। 4600 किलोमीटर की सड़क निर्माण जारी है।

कांटाटोली से सिरमटोली तक फ्लाईओवर को मंजूरी
सुनील कुमार ने जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी क्षेत्रों की सड़कों का भी विकास किया जा रहा है। रांची के इनर रिंग रोड के 10 पार्ट में से कुल तीन पार्ट की स्वीकृति दी जा चुकी है। 194 किलोमीटर लंबे आउटर रिंग रोड का DPR तैयार कर लिया गया है। रिंग रोड की कनेक्टिविटी पर काम किया जा रहा है और कई कनेक्टिंग रोड की स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। फ्लाईओवर के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कांटाटोली से सिरमटोली को जोड़ने की स्वीकृति दी जा चुकी है। हरमू फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर भी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। इसके साथ ही कई अन्य शहरों में भी फ्लाईओवर निर्माण पर काम किया जा रहा है। राज्य सरकार की पहल से राज्य में एक्सप्रेस-वे कॉरिडोर, टूरिस्ट एक्सप्रेस-वे कॉरिडोर भी पर काम किया जा रहा है। साथ ही वर्ल्ड बैंक के सहयोग से भी सड़क बना रहे हैं।

करमटोली एलिवेटेड रोड का DPR तैयार
कुमार ने बताया कि करमटोली एलिवेटेड रोड का DPR लगभग तैयार हो चुका है। भवन निर्माण विभाग की ओर से राज्य में और राज्य के बाहर भी कई भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से ज्यादातर भवनों के निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 2 नये मेडिकल कॉलेज 500 शैय्या वाले अस्पताल, सामुदायिक केन्द्र, क्रिटिकल केयर ब्लॉक, अनुमंडलीय अस्पताल, बोकारो मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक डिग्री कॉलेज के साथ-साथ पर्यटन, कला, संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के विभिन्न टूरिस्ट स्पॉट, कृषि पशुपालन विभाग के कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। विभाग ने 2022-23 में 603 करोड़ के बजट का 96 प्रतिशत से ज्यादा खर्च भवन निर्माण पर किया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में विभाग 76 प्रतिशत बजट राशि खर्च कर चुका है।
