logo

चतरा में पुलिस और राहुल सिंह गिरोह के बीच मुठभेड़, जुबेर अंसारी के पैर में लगी गोली

jip.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ कारो मैदान के पास तब शुरू हुई, जब एक कोयला कारोबारी पर हमले की सूचना पर पुलिस इलाके में गश्त तेज कर रही थी। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कारो मैदान के नजदीक घात लगाए बैठे अपराधियों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में राहुल सिंह गिरोह का सक्रिय सदस्य जुबेर अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर तुरंत रांची के रिम्स में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। मौके से एक पिस्टल बरामद की गई है, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कोयला कारोबारी पर हमला कोई साजिश थी या पुरानी रंजिश का परिणाम। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, जिसके मद्देनजर पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल जुबेर अंसारी की गिरफ्तारी के बाद गिरोह के अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने रात में ही पूरे क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। जंगलों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का दावा है कि गिरोह के सभी सदस्यों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। एसपी ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पूरे पिपरवार क्षेत्र में फिलहाल पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और गश्त लगातार जारी है।