द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में रविवार रात हाथियों के हमले से एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्र दांगी (सिमराबेड़ा गांव) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चंद्र दांगी रविवार रात अपनी सब्जी बेचने के बाद कार से केंडर लौट रहे थे। इसी दौरान सिमराबेड़ा महतो टोला के पास सड़क किनारे हाथियों के झुंड ने अचानक कार पर हमला कर दिया। हाथियों ने पहले कार को नुकसान पहुंचाया और फिर चंद्र दांगी को कार से बाहर खींच लिया। इसके बाद हाथियों ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया। हमले में कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की भयावहता देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। हाथी काफी देर तक सड़क पर मंडराते रहे, जिससे यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलने के बाद गोमिया थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। चंद्र दांगी की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजन गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में हाथियों का आतंक लंबे समय से जारी है और कई बार इसकी शिकायत वन विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की नियमित निगरानी की जाए और रिहायशी इलाकों में उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
.jpeg)