द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन पर आज एक बुजुर्ग ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 70 वर्षीय विनय कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह पेयजल विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पिछले कई सालों से वे हजारीबाग में अपनी पत्नी, बहू और बेटे के साथ रह रहे थे। परिवार के लोगों ने बताया कि विनय कुमार 5-6 सालों से मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे थे। उनका इलाज भी चल रहा था। हालांकि हाल के दिनों में उनकी तबीयत ठीक थी और वे सामान्य रूप से अपनी दिनचर्या निभा रहे थे।

शुक्रवार सुबह वे घर से बाल और दाढ़ी बनवाने की बात कहकर निकले थे। परिवार को बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि वे ऐसा कोई कदम उठा सकते हैं। पुलिस ने शव की तलाशी ली, जिसमें उनके पास से कुछ नगदी और एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में विनय कुमार सिंह ने लिखा है कि वे अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहे हैं और इस कदम के लिए परिवार से माफी मांगी है। उन्होंने परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबर भी लिखे थे, ताकि उन्हें सूचना दी जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की और पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए मुक्तिधाम सेवा संस्थान के नीरज कुमार को भी बुलाया। नीरज कुमार ने बताया कि उन्हें कटकमदाग थाने से सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर सहयोग किया।