द फॉलोअप डेस्क
कथित झारखंड शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में राज्य के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव मंगलवार को ईडी के रांची स्थित जोनल कार्यालय पहुंच गए हैं। ईडी ने उन्हें दूसरा समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया था। जांच एजेंसी उनसे वर्ष 2020 के बाद राज्य में लागू की गई शराब नीति, उससे जुड़े निर्णयों और वित्त विभाग की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी। रामेश्वर उरांव के ईडी कार्यालय पहुंचने के साथ ही इस मामले की जांच ने एक नया मोड़ ले लिया है।

एक दिन पहले बेटे रोहित उरांव से हुई थी लंबी पूछताछ
इससे पहले सोमवार को ईडी ने रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव से कई घंटों तक पूछताछ की थी। रोहित सुबह करीब 11 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे थे, जहां अधिकारियों ने उनसे कथित शराब घोटाले, बैंक लेनदेन और उनके पास से बरामद नकदी को लेकर विस्तार से सवाल किए। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने 23 अगस्त 2023 को बरामद 30 लाख रुपये की नकद राशि के स्रोत, उसे घर में रखने की वजह और बैंकिंग ट्रांजेक्शन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। इसके अलावा कारोबारी प्रेम प्रकाश के साथ कथित कारोबारी साझेदारी और वित्तीय लेनदेन के संबंध में भी उनसे पूछताछ की गई।

शराब नीति और 30 लाख रुपये की बरामदगी पर होंगे सवाल
सूत्रों के अनुसार, ईडी रामेश्वर उरांव से वर्ष 2020 के बाद लागू की गई सभी शराब नीतियों, वित्त विभाग की आपत्तियों के बावजूद उनके लागू होने की परिस्थितियों और निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल करेगी। इसके साथ ही रोहित उरांव के पास से बरामद 30 लाख रुपये की राशि के संबंध में भी सत्यापन किया जाएगा। ईडी इस पूरे मामले में शराब नीति से जुड़े वित्तीय पहलुओं और कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है तथा इसी कड़ी में लगातार संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।