पूर्वी सिंहभूम
चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दो ट्रेलरों के बीच भीषण आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में अचानक भयंकर आग लग गई और वे धू-धू कर जलने लगे। इस हादसे में दोनों ट्रेलरों के चालक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने तत्परता से दोनों चालकों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, यह हादसा चाकुलिया-मटिहाना सड़क पर दिघी गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक ट्रेलर बहरागोड़ा से चाकुलिया की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा विपरीत दिशा (चाकुलिया से बहरागोड़ा) से आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दोनों ट्रेलरों से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। इस घटना में ट्रेलर संख्या PB-10-KK-3719 के चालक करमचंद और दूसरे ट्रेलर संख्या WB-37-E-5113 के चालक बिहार निवासी लालू यादव घायल हो गए। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों चालकों को समय रहते केबिन से बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच सकी। 
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलने पर चाकुलिया थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि दमकल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने में जुटी रही।