logo

पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर बदला मौसम, रातें ठंडी तो दिन में हल्की गर्माहट: आज से 4 डिग्री चढ़ेगा पारा

कहपोेो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। ठंड के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ गया है। हवा में नमी बढ़ने के कारण शाम ढलते ही कनकनी महसूस की जा रही है। हालांकि दिन के समय हल्की धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम हो जाता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से फिलहाल तापमान में स्थिरता नहीं रहेगी और आने वाले कुछ दिनों तक इसमें बदलाव देखने को मिलेगा। इस बीच कांके क्षेत्र एक बार फिर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राजधानी से भी काफी कम है। रात के तापमान में आई गिरावट के कारण इलाके में ठिठुरन बढ़ गई है।


मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फरवरी के पहले सप्ताह से ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा और दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ेगा। अगले कुछ दिनों तक रांची में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दोपहर में हल्की धूप खिल सकती है। यानी सुबह और शाम ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में मौसम सुहावना रहेगा। इसे सर्दी का अंतिम चरण माना जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 और 25 जनवरी को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।


देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गोड्डा और पाकुड़ में 25 जनवरी के आसपास पारा 31 डिग्री तक जाने की संभावना है। हालांकि रात का तापमान 11 से 14 डिग्री के बीच रहेगा, जिससे सुबह हल्की ठंड महसूस होगी। कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा और लातेहार में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। लोहरदगा में पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो इन क्षेत्रों में सबसे कम रहेगा। दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। इन इलाकों में दिन में गर्मी बढ़ेगी, जबकि रातें सामान्य रूप से ठंडी बनी रहेंगी।