नंदलाल तुरी
पाकुड़ शहर की मुख्य सड़क पर, गोकुलपुर हटिया के पास, शहर के धनुषपूजा निवासी एक मोटरसाइकिल चालक एक कार की चपेट में आ गए। कार ने मोटरसाइकिल को लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। वहां मौजूद लोगों द्वारा शोर मचाने के बावजूद भी कार चालक ने अपनी गाड़ी नहीं रोकी।
मोटरसाइकिल को घसीटते हुए देखकर सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने अपनी गाड़ी सामने खड़ी कर दी, जिससे कार को रुकना पड़ा। गाड़ी रुकते ही कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे में धुत था। मोटरसाइकिल पर सवार चालक सहित दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए और किसी को कोई चोट नहीं आई। घटना के कारण मुख्य सड़क का एक हिस्सा देर तक जाम रहा।
घटना की सूचना मिलने पर नगर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और मोटरसाइकिल चालक को समझाने का प्रयास किया कि मोटरसाइकिल और कार को थाने ले जाया जाए, ताकि क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जा सके। पुलिस द्वारा यह भी कहा गया कि मोटरसाइकिल की जो भी क्षति हुई है, उसकी भरपाई कार मालिक द्वारा की जाएगी, और चालक तथा मालिक पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मोटरसाइकिल चालक स्थानीय निवासी होने के कारण थाने जाने के लिए तैयार नहीं थे और वहीं पर तत्काल निर्णय की मांग कर रहे थे।
