logo

चांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण को मिली मंजूरी, 897.56 करोड़ रुपये होंगे खर्च

चांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण को मिली मंजूरी, 897.56 करोड़ रुपये होंगे खर्च

सरायकेला-खरसावां: 
Seraikela-Kharsawan:
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल से मुरी के बीच रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। दक्षिण-पूर्व रेलवे बोर्ड ने चांडिल-मुरी रेलखंड के करीब 59.49 किलोमीटर लंबे हिस्से के दोहरीकरण परियोजना को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 897.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद परियोजना को मिली हरी झंडी
रेलवे बोर्ड के निदेशक (गति शक्ति/सिविल-I) दीपक सिंह ने दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र जारी कर परियोजना के लिए राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी है। बताया गया है कि परियोजना को रेल मंत्रालय के वित्त निदेशालय से भी हरी झंडी मिल चुकी है। चांडिल-मुरी रेलखंड के दोहरीकरण से इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। वर्तमान में इस मार्ग पर ट्रेनों के परिचालन के दौरान कई स्थानों पर सिंगल लाइन के कारण परिचालन प्रभावित होता है। दोहरीकरण पूरा होने के बाद ट्रेनों के संचालन को अधिक सुगम बनाने और यातायात क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

चांडिल, ईचागढ़ और नीमडीह के लोगों को होगा लाभ
रेलवे के इस फैसले से चांडिल, ईचागढ़, नीमडीह समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से रेल आधारभूत संरचना के विस्तार और बेहतर रेल सुविधा की मांग की जाती रही है। परियोजना को औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद अब इसके क्रियान्वयन की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। 59.49 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड के दोहरीकरण से क्षेत्र में रेल संपर्क और माल एवं यात्री परिवहन क्षमता को मजबूती मिलने की संभावना है।

Tags - Chandil MuriRailway ProjectRail Line DoublingJharkhand NewsSouth Eastern Railway