logo

जामताड़ा की आदिवासी बेटी का कमाल, अंतर्राष्ट्रीय राइफल शूटिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी दिवाषी

a496.jpg

जामताड़ा: 

झारखंड की प्रतिभाएं अब सात समंदर पार अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड की रहने वाली दिवाषी हेंब्रम का चयन मलेशिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दिवाषी 4 से 7 मई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 14 सदस्यीय भारतीय दल का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

​सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
​दिवाषी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जामताड़ा नगर पंचायत की अध्यक्षा आशा गुप्ता के आवासीय कार्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान आशा गुप्ता और जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने दिवाषी को पुष्प गुच्छ, माला, अंग वस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया।

​नगर पंचायत अध्यक्षा आशा गुप्ता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि "यह जामताड़ा के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि हमारे क्षेत्र की बेटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाएगी। वर्तमान में जामताड़ा की बेटियां खेल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही हैं, जो काबिले तारीफ है। इन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मैं हर संभव सहयोग देने को तैयार हूं।"


स्वर्ण पदक से अंतरराष्ट्रीय टीम तक का सफर
​जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने बताया कि दिवाषी की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत का नतीजा है। जनवरी 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में दिवाषी ने स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की थी। पिछले चार-पांच महीनों से वे कड़ा प्रशिक्षण ले रही हैं। श्री दुबे ने विश्वास जताया कि दिवाषी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पदक जीतकर झारखंड और भारत का नाम रोशन करेंगी।

शुभकामना और बधाइयों का लगा तांता
​वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता तरुण गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि यह ग्रामीण प्रतिभा के उदय का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने दिवाषी के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ईश्वर से मंगल कामना की। इस सम्मान समारोह में राहुल सिंह, भास्कर चंद, सूरज कुमार पासवान और अमित राय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिन्होंने दिवाषी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
 

Tags - JamtaraAir GunDiwashi HembromSports News