logo

ब्लॉक परिसर में पति-पत्नी के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, अवैध संबंध को लेकर भिड़ा दंपति

couple5.jpg

सरायकेला-खरसावां:

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पति-पत्नी के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आ गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी। घटना देखने के लिए परिसर में मौजूद लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, महिला को काफी समय से अपने पति पर किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने का संदेह था।

पति-पत्नी के बीच किस बात पर विवाद था
महिला ने बताया कि बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति एक महिला के साथ गम्हरिया ब्लॉक परिसर में मौजूद हैं। सूचना मिलने पर वह तत्काल वहां पहुंचीं, जहां दोनों आमने-सामने हो गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया और परिसर से बाहर जाने के लिए कहा।

किसी भी पक्ष ने दर्ज नहीं कराई है शिकायत
विवाहिता का आरोप है कि उन्होंने अपने पति के कथित व्यवहार को लेकर पहले भी स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आया। फिलहाल यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। यदि किसी पक्ष की ओर से नई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है।

Tags - Jharkhand NewsSaraikela KharsawanGamhariyaCouple Fight