द फॉलोअप डेस्क
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के उद्योग व पॉल्यूशन उप समिति की संयुक्त बैठक शुक्रवार को चैंबर भवन में हुई। जिसमें 12 जनवरी को उद्योग सचिव के साथ चैंबर भवन में आहूत होने वाली बैठक की सफलता के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिसमें उद्योग सचिव के समक्ष राज्य के सभी जिलों के उद्यमियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही औद्योगिक इकाइयों के संचालन में होने वाली वर्तमान कठिनाईयां, राज्य में नये निवेश को आकर्षित करने की योजनाएं और औद्योगिक विकास से जुडे विभिन्न मुद्दों पर बैठक के दौरान कार्य योजना बनाई गई। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री और उद्योग उप समिति चेयरमेन बिनोद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य के औद्योगिक विकास के लिए स्टेकहोल्डर्स और उद्योग सचिव के बीच सीधा संवाद जरूरी है। इससे औद्योगिक इकाइयों की कई समस्याओं का समाधान काफी सरल रूप से संभव है।

शहर साफ-सुथरा बनाने की होगी पहल
शहर में बढ़ती प्रदूषण की समस्या और मूलभूत नागरिक सुविधाओं के अभाव पर पॉल्यूशन उप समिति की बैठक में चिंता जताई गई। इस दौरान यह सहमति बनाई गई कि जल्द ही शहर के विभिन्न संगठनों के साथ एक संवाद का कार्यक्रम चलाकर अपने शहर को साफ-सुथरा बनाने की पहल की जाएगी। बैठक के दौरान सदस्यों ने इंदौर मॉडल की भी चर्चा की। रांची को उसी तर्ज पर विकसित करने के लिए रांची नगर निगम से अपेक्षित प्रयास करने की मांगी की गई। बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, सह सचिव शैलेष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, पॉल्यूशन उप समिति चेयरपर्सन खुशबू कटारूका मोदी, बिनोद अग्रवाल, अजय भंडारी, विवेक अग्रवाल, गौतम कुमार, निखिल केडिया, अशोक सक्सरिया, बिनोद तुलस्यान, सुरेश अग्रवाल, एसपी सिंह और सुबोध प्रसाद उपस्थित थे।
