धनबाद
धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड से एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां उपमा पंचायत के कोरैया गांव में जहरीले सांप के डसने से दो सगे मासूम भाई-बहन की असमय मौत हो गई। मृतकों की पहचान श्यामलाल सोरेन की 6 वर्षीय पुत्री महिमा सोरेन और 3 वर्षीय पुत्र रितेश सोरेन के रूप में हुई है।

रात के अंधेरे में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों के पिता श्यामलाल सोरेन एक दिहाड़ी मजदूर हैं और रोजगार के सिलसिले में तमिलनाडु में रहते हैं। घर पर उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ रहती थी। शुक्रवार की रात रोज की तरह दोनों मासूम भाई-बहन मां के साथ सोए थे। इसी दौरान देर रात किसी जहरीले सांप ने दोनों बच्चों को डस लिया। रात के अंधेरे में मां और परिजनों को इस बात की भनक तक नहीं लग सकी। शनिवार सुबह जब दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उनके मुंह से झाग निकलने लगे, तो बच्चे की मां घबरा गई। आनन-फानन में परिजन दोनों बच्चों को लेकर धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (SNMMCH) पहुंचे। लेकिन अफसोस, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया।

सरकारी सहायता का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया और अंचल निरीक्षक (सीआई) पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त मां को ढांढस बंधाया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और उनका घर भी मिट्टी का बना हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी नियमानुसार पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द हर संभव मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।