द फॉलोअप डेस्क
झरिया में एक महिला सफाईकर्मी के साथ हुई मारपीट के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी कर ली है। यह जानकारी उपायुक्त धनबाद ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि झरिया निवासी आरोपी सुनील केसरी को 26 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है और उसके खिलाफ नियमानुसार धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से संज्ञान लिया गया। मंत्री दीपक बिरुआ ने इस घटना को गंभीर बताते हुए सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह मामला जाति से जुड़ा नहीं बल्कि महिला उत्पीड़न से संबंधित है और झारखंड सरकार इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने धनबाद प्रशासन को अविलंब कार्रवाई के निर्देश दिए।
महोदय @deepakbiruajmm वर्णित मामले पर सूचित करना है की झरिया निवासी आरोपी सुनील केसरी की गिरफ्तारी दिनांक 26/01/2026 को की जा चुकी है जिसपर नियम संगत धाराओं के तहत कार्यवाही की जा रही है।
— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) February 1, 2026
सादर सूचनार्थ????????@deepakbiruajmm @JharkhandCMO https://t.co/xRvO8JtgMh

दरअसल, 26 जनवरी को झरिया में एक 46 वर्षीय महिला सफाईकर्मी के साथ कथित तौर पर एक दुकानदार द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि महिला ने दुकानदार की दुकान के बाहर गंदगी साफ करने से इनकार किया था, जिसके बाद विवाद हुआ। इस घटना को लेकर एक सोशल मीडिया यूजर ने मंत्री दीपक बिरुआ को टैग करते हुए मामले की जानकारी दी थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और कार्रवाई की मांग तेज हो गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद महिला सुरक्षा और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।