देवघर
राजकीय श्रावणी मेला-2026 के 16वें दिन बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार तड़के 04:21 बजे जैसे ही मंदिर के गर्भगृह के पट खुले, कांवरियों द्वारा पवित्र जलार्पण का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से ही शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
बीएड कॉलेज से शुरू हुई कांवरियों की लंबी कतार
जिला प्रशासन की ओर से की गई सुदृढ़ व्यवस्था के तहत सभी श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अनुशासित ढंग से बाबा मंदिर की ओर बढ़ते रहे। तड़के सुबह से ही कांवरियों की लंबी कतार बीएड कॉलेज से शुरू होकर निर्धारित रूट लाइन तक पहुंच गई थी। प्रशासन की निगरानी में श्रद्धालु सुगमता और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण करते रहे।
बोल-बम' के जयघोष से गूंज उठा पूरा मेला क्षेत्र
सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा कर पहुंचे कांवरियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। बीएड कॉलेज से लेकर बाबा मंदिर परिसर तक पूरी रूट लाइन 'बोल-बम' और 'बाबा वैद्यनाथ' के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान रही। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ और जलार्पण के चलते पूरा वातावरण पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना रहा।.jpeg)
हर दिन बढ़ रही बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था
हालांकि, उमड़ती श्रद्धालुओं की इस विशाल भीड़ से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार और अधिक प्रगाढ़ होती जा रही है। हर दिन बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा के दरबार पहुंचकर जलार्पण कर रहे हैं, जिससे श्रावणी मेले की भव्यता और धार्मिक महत्व भी लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।