logo

रातू रोड में प्रशासन की दखल दिहानी : 10 मकानों पर चला बुलडोजर, सड़क जाम कर पुनर्वास और मुआवजे की मांग पर अड़े लोग

RATUROAD.jpg

रांची

राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पीछे स्थित खादगढ़ा, महुआ टोली और जयप्रकाश नगर इलाके में दखल-दिहानी की कार्रवाई के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। मंगलवार को जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लगभग 27 कट्ठा जमीन पर बने करीब 10 मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि सरकारी थी और उस पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे कोर्ट के आदेश के तहत हटाया गया।  
कार्रवाई के तुरंत बाद प्रभावित परिवारों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें न तो पर्याप्त समय दिया गया और न ही किसी वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन। कई परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से वहां रह रहे थे और अचानक हुई कार्रवाई से वे बेघर हो गए हैं। महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।


स्थानीय लोगों का दावा है कि वर्ष 2020 में लगभग 48 डिसमिल जमीन की खरीदारी आदिवासी रैयत से की गई थी। इसके एवज में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। उनका कहना है कि जमीन की खरीद-बिक्री आपसी सहमति से हुई थी और वे कई वर्षों से वहां मकान बनाकर रह रहे थे। हालांकि, जमीन के मूल मालिक की ओर से बाद में मामला दर्ज कराया गया और अदालत से दखल-दिहानी का आदेश प्राप्त किया गया।
सड़क पर उतरे लोग, रातू रोड जाम
बुधवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विरोध में सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने रातू रोड कब्रिस्तान के पास टायर जलाकर मुख्य सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से रातू रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की  प्रदर्शनकारियों से वार्ता चल रही थी। 


पुनः जांच और राहत की मांग
प्रभावित परिवारों ने कार्रवाई पर रोक लगाने, मामले की पुनः जांच कराने और उचित मुआवजा व पुनर्वास की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जमीन लेन-देन में कोई कानूनी विवाद था तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्षों की है, आम लोगों को बेघर करना उचित नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। देर शाम तक वार्ता जारी रहने की सूचना है। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

 

Tags - Jayprakash Nagar Sukhdevnagar Area Rehabilitation Demand Court Order Jharkhand News