logo

जामताड़ा DC ने अनुमंडल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, देरी से आए कर्मचारी की उपस्थिति ‘एब्सेंट’ में बदली

jam_dc_INS.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा डीसी आलोक कुमार ने अनुमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, पंजियों के संधारण और नवनिर्मित भवन की सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत में उपायुक्त ने कर्मियों की उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) की जांच की। इस दौरान एक कर्मी के विलंब से कार्यालय आने पर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनकी उपस्थिति को 'एब्सेंट' मार्क कर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कर्मी नियत समय पर कार्यालय आएं और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। कार्यस्थल पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद, उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय के लिए बने नवनिर्मित भवन का भी जायजा लिया।

आवश्यक दिशा-निर्देश दिए

उन्होंने भवन में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जिसमें विभिन्न विभागों के कमरे, न्यायालय कक्ष और सभाकक्ष। अधिकारियों के लिए डेडिकेटेड चैंबर और आगंतुक प्रतीक्षा कक्ष। वाहन पार्किंग, लिफ्ट, अग्निशामक यंत्र और पेयजल की व्यवस्था। वहीं आलोक कुमार ने भवन के मॉडल नक्शे का अवलोकन किया और जानकारी दी कि नया भवन अब अनुमंडल कार्यालय को हस्तांतरित कर दिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फर्नीचर, बिजली और साफ-सफाई से जुड़े जो भी कार्य अधूरे हैं, उन्हें अविलंब पूर्ण किया जाए। आगे उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि वे भवन के विभिन्न फ्लोर पर कार्यालयों के आवंटन का आकलन कर शीघ्र प्रतिवेदन सौंपें। उन्होंने नए भवन में अनुमंडल कार्यालय सहित अन्य विभागों की शिफ्टिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति और कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Tags - jamtara dc alok kumar surprise inspection sub divisional office attendance register check office facilities review