logo

चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर, सहायक कारापाल की दौड़ की तारीख बदली

चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर, सहायक कारापाल की दौड़ की तारीख बदली

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Assistant Jailor Physical Test Rescheduled : चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के कारण रांची (Ranchi) में संभावित भारी बारिश को देखते हुए झारखंड सहायक कारापाल भर्ती परीक्षा की दौड़ की तारीख में बदलाव किया गया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने बुधवार को इस संबंध में सूचना जारी की। नई तारीखों के अनुसार, अब अभ्यर्थियों को अक्टूबर के बजाय नवंबर में दौड़ में शामिल होना होगा।

आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में 28, 29, 30 और 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली दौड़ अब 18, 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को होगी। मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि परीक्षा के आयोजन में किसी तरह की परेशानी न हो और अभ्यर्थियों को भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

प्रवेश पत्र दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने स्पष्ट किया है कि दौड़ की तारीखों में बदलाव के अलावा भर्ती परीक्षा के बाकी कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे संशोधित तारीखों के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखें और दौड़ में शामिल होने से पहले जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर लें।

आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से भर्ती परीक्षा से जुड़ी नई सूचनाओं के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in नियमित रूप से चेक करते रहने की अपील की है। परीक्षा से संबंधित किसी भी नए अपडेट के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करना चाहिए। दौड़ की तारीखों में बदलाव के बाद अब अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। ऐसे में उन्हें संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी और परीक्षा में शामिल होने की योजना बनानी चाहिए।

Tags - JSSC Assistant Jailor Physical Test Exam Date Change Jharkhand News Ranchi News