logo

CUJ में खराब भोजन और बढ़े मेस शुल्क के खिलाफ प्रदर्शन, 2 छात्र भूख हड़ताल पर

CUJ4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सीयूजे के मनातू कैंपस में खराब भोजन और बढ़े हुए मेस शुल्क को लेकर रविवार को स्नातक और स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित विद्यार्थी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। आंदोलन में छात्र मृत्युंजय और अंकित भूख हड़ताल पर हैं, जबकि छात्राओं ने भी दिनभर धरने में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद मेस व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, जिसके बाद उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि मेस शुल्क बढ़ाने के बावजूद भोजन की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ है। वर्तमान में हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों से करीब 3300 से 3800 रुपये प्रतिमाह मेस शुल्क लिया जा रहा है, जबकि पहले यह शुल्क 3071 रुपये था। विद्यार्थियों का कहना है कि शुल्क बढ़ने के बाद भी निर्धारित तीन समय के बजाय केवल दो बार भोजन दिया जा रहा है। छात्रों ने मेस शुल्क कम करने, भोजन की गुणवत्ता सुधारने और मेस व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए टोकन सिस्टम लागू करने की मांग की है।


सात सूत्री मांग पत्र सौंपा
आंदोलन में शामिल छात्राओं ने मेस की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। विद्यार्थियों का आरोप है कि भोजन तैयार करने में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का पर्याप्त इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है और शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा है। इसमें पेशेवर कुक की रोटेशन व्यवस्था लागू करने, अलग-अलग हॉस्टल के अनुसार मेन्यू में बदलाव करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों से अग्रिम मेस शुल्क नहीं लेने समेत अन्य मांगें शामिल हैं।


छात्रों ने लगाया धमकी देने का आरोप
विद्यार्थियों ने प्रशासन पर कुछ छात्रों को हॉस्टल से निकालने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। छात्रों ने वार्डन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ व्यक्तिगत कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी। देर शाम तक विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समझाने और आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे। सीयूजे के डीएसडब्ल्यू डॉ. अनुराग लिंडा ने कहा कि मेस शुल्क में करीब 300 रुपये की वृद्धि यूजी/पीजी कैंटीन कमेटी की सहमति से की गई है और इसे तात्कालिक व्यवस्था बताया। वहीं, छात्र बढ़े शुल्क को वापस लेने के साथ मेस व्यवस्था में पारदर्शिता और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग पर कायम हैं।

Tags - CUJ Central University of Jharkhand Manatu Campus Student Protest Mess Fee Food Quality Hunger Strike