द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अपराधियों ने ज्वेलरी दुकानदार को निशाना बनाया। जमखोखरो स्थित आनंद पब्लिक स्कूल के समीप अज्ञात बाइक सवार चार अपराधियों ने हमला कर लाखों रुपये के जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, झालूडीह निवासी पुनीत सोनार एवं प्रकाश सोनकर कोदम्बरी स्थित अपनी दुकान "वंदना ज्वेलर्स" को रोज की तरह बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जैसे ही वे जमखोखरो स्थित आनंद पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
अपराधियों ने अचानक हमला करते हुए उन्हें रोक लिया और दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग सहम गए और कई लोग अपने घरों में दुबक गए। इस दौरान अपराधियों ने मौके का फायदा उठाते हुए ज्वेलरी से भरा बैग, जिसमें लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर थे, लूट लिया और तेजी से फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। खासकर व्यवसायियों में डर का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, जमुआ इंस्पेक्टर, हिरोडीह थाना प्रभारी, घोड़थम्भा ओपी प्रभारी और धनवार थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है। साथ ही संभावित रूटों पर छापेमारी भी की जा रही है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की, लेकिन पुलिस ने अब तक आधिकारिक रूप से फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
.jpeg)