जमशेदपुर
जमशेदपुर में घर निर्माण के दौरान रंगदारी मांगने पहुंचे एक बदमाश की स्थानीय लोगों ने जमकर धुनाई कर दी. इसके बाद उसे पुलिस के हवाल कर दिया. पुलिस ने उसके स्कूटी की डिक्की से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 1.5 लाख रुपये नकद बरामद किया है. दरअसल, यह मामला बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर का है. यहां यश कुमार शर्मा नाम के बदमाश ने जोगेंद्र रजक के घर निर्माण के दौरान आकर उनसे रंगदारी मांगी थी. पीड़ित जोगेंद्र रजक के अनुसार, वह अपने घर का निर्माण करा रहे थे, तभी पिछले 15-20 दिनों से आरोपी लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था. घटना के दिन आरोपी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सेंटरिंग तोड़ते हुए दबाव बनाने की कोशिश की. विरोध करने पर उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और घर में आग लगाने की धमकी भी दी.
इसके बाद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से आरोपी को पकड़ लिया गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची टाइगर मोबाइल टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गये. पुलिस को आशंका है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है, जिसमें घाघीडीह स्थित मां तारिणी कॉलोनी की हालिया चोरी भी शामिल हो सकती है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है.
.jpg)