द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक वृद्ध दंपती की हत्या कर दी गई। यह घटना जोशी कॉलोनी स्थित बाली होटल की है। जहां 65 वर्षीय महावीर साव और उनकी 60 वर्षीय पत्नी कौशल्या देवी मृत मिले। ये दंपती लंबे समय से राशन और चाय-पकौड़ी की दुकान चलाते थे। सोमवार सुबह लोग नाश्ते के लिए पहुंचे, तो होटल बंद मिली। लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गए। आंगन खून से लथपथ था। भीतर महावीर साव का शव पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी कौशल्या देवी का गला रेता हुआ था।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दंपती की बहू अनीता देवी ने आरोप लगाया कि उनके सास-ससुर की बेरहमी से हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पुरानी रंजिश, लूटपाट, पारिवारिक विवाद और कारोबारी कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। मृतक दंपती के दो बेटे और एक बेटी है।