logo

रांची में फर्जी UPI के ज़रिये कॉस्मैटिक दुकानदार से ठगी, CCTV में कैद हुआ आरोपी

रपुरपरपरुप.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में फर्जी UPI भुगतान के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में लालपुर निवासी शिवानी खन्ना ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुर स्थित उनकी कॉस्मैटिक दुकान ‘तनिषवाणी’ में 5 अप्रैल को लाल रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक हेलमेट पहनकर पहुंचा। उसने दुकान में काफी देर तक समय बिताया और फिर 300 रुपये का एक फेसवॉश खरीदा।

खरीदारी के दौरान युवक ने दुकान के स्टाफ से कहा कि वह ऑनलाइन भुगतान (UPI) के माध्यम से अधिक राशि ट्रांसफर कर रहा है, इसलिए अतिरिक्त रकम उसे नकद लौटा दी जाए। स्टाफ ने उसके झांसे में आकर उसे 2,500 रुपये नकद दे दिए युवक ने अपने मोबाइल में पेमेंट का स्क्रीन भी दिखाया, जिससे स्टाफ को विश्वास हो गया।

हालांकि, बाद में जब भुगतान की जांच की गई, तो खाते में कोई राशि प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद मामले की सच्चाई सामने आई। दुकान में लगे CCTV फुटेज की जांच करने पर आरोपी की तस्वीर सामने आई, जिसमें वह लाल रंग की स्कूटी पर नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि स्कूटी पर कोई नंबर प्लेट नहीं था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags - scam in ranchi scam alert scam news jharkhand scam news