logo

विकास से ध्यान भटकाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है कांग्रेस : रविनाथ किशोर

विकास से ध्यान भटकाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है कांग्रेस : रविनाथ किशोर

द फॉलोअप डेस्क,रांची
BJP-CONG News: भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के प्रवक्ता रविनाथ किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। केंद्र सरकार के काम और प्रधानमंत्री को मिल रहे जनसमर्थन से कांग्रेस परेशान है। इसी कारण राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता का ध्यान विकास के मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। किशोर ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हारने के बाद कभी EVM, कभी वोट चोरी तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। लेकिन जब चुनाव में जीत मिलती है, तब यही कांग्रेस इन मुद्दों पर चुप हो जाती है। कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को जनता समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग हमारे लोकतंत्र की एक महत्वपूर्ण संस्था है। मतदाता सूची को सही बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया अपनाई जाती है। यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार हो चुकी है। कांग्रेस के शासनकाल में भी ऐसी प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसलिए आज इसी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोगों के बीच भ्रम फैलाना उचित नहीं है। किशोर ने कहा कि सही मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी है। यदि मतदाता सूची में सुधार किया जा रहा है, तो कांग्रेस को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए, न कि बिना ठोस प्रमाण के आरोप लगाने चाहिए। कांग्रेस के नेताओं के बयानों से यह भी सवाल उठता है कि जब SIR पहले जरूरी था, तो आज इसका विरोध क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव में हार मिलने के बाद कांग्रेस हताशा में जनता के फैसले और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन आलोचना तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। जनता के जनादेश का सम्मान करना हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

Tags - BJP Jharkhand Congress allegationsSIR