logo

दावोस में जैकेट नहीं, झारखंड का भविष्य दिखा रहे हैं हेमंत सोरेन : आलोक कुमार दुबे

ALOK_DUBEY.jpg

रांची / दावोस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भागीदारी को लेकर भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा की आलोचना को ओछी और नकारात्मक राजनीति बताते हुए कहा कि भाजपा को जैकेट की कीमत दिखती है, जबकि कांग्रेस को झारखंड के युवाओं का भविष्य नजर आता है।
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दावोस किसी “जैकेट का प्रदर्शन” करने नहीं गए हैं, बल्कि झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक संभावनाओं और पर्यटन क्षमता को वैश्विक मंच पर रखने गए हैं। उनका लक्ष्य राज्य में निवेश आकर्षित करना, उद्योगों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।


उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, “दिनभर में करोड़ों का सूट पहनने वाले प्रधानमंत्री की पार्टी को कपड़ों की राजनीति ज्यादा पसंद है। जब मुख्यमंत्री झारखंड के लिए करोड़ों के निवेश की संभावनाएं तलाश रहे हैं, तब भाजपा नेताओं की नजर एक जैकेट पर अटकी हुई है।”
जेपीसीसी महासचिव ने कहा कि जब विपक्ष के पास विकास, निवेश और रोजगार जैसे मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब वह व्यक्तिगत टिप्पणियों और सतही आरोपों का सहारा लेता है। यह भाजपा की हताशा और दिशाहीन राजनीति को उजागर करता है।


आलोक कुमार दुबे ने दो टूक कहा, “झारखंड झुकेगा नहीं, झारखंड रुकेगा नहीं। दावोस में मुख्यमंत्री का लक्ष्य साफ है—निवेश और विकास। जनता समझती है कि सियासी शोर से नहीं, बल्कि जमीन पर काम करने से राज्य आगे बढ़ता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ी है और झारखंड को औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में हर स्तर पर सहयोग जारी रहेगा।

Tags - WEF Davos Hemant Soren Jharkhand Investment Congress vs BJP Employment