द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में ठंड का असर अब भी बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने आज राज्य के छह जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इनमें बोकारो, रामगढ़, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में सुबह के समय ठंडी हवाएं लोगों को अधिक परेशान कर सकती हैं और अगले कुछ दिनों तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि शनिवार की सुबह भी अनेक क्षेत्रों में कोहरे का असर देखने को मिला। मौसम शुष्क रहने के कारण ठंड और ज्यादा तीव्र महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ठंडी हवाओं के चलते सुबह और रात के समय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि रविवार से न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे सुबह, दोपहर और रात के समय ठंड का असर कुछ हद तक कम होगा। हालांकि फिलहाल ठंड से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना नहीं है। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को खूंटी में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची के कांके में पारा 3.0 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रांची शहर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के भीतर कई जिलों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि के साथ ठंड की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी की शुरुआत के साथ ठंड का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा और लोगों को राहत मिलने लगेगी। फिलहाल शीतलहर और कोहरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है।

राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड में कमी महसूस होगी। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह और गोड्डा में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक जा सकता है, जबकि चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में भी पारा 29 डिग्री तक पहुंचने के संकेत हैं। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना जताई गई है।