द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड में शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अंचलाधिकारी लवकेश सिंह पर स्थानीय सब्जी बाजार में मनमानी रवैया अपनाने का आरोप लगा। घटना स्टेट बैंक मार्ग स्थित कोशचन पेपर के सामने लगे रोजाना के सब्जी बाजार की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अंचलाधिकारी अपने वाहन के साथ बाजार स्थल पर पहुंचे और कथित तौर पर चालक को सब्जियों के ऊपर से वाहन निकालने का निर्देश दिया। आदेश के बाद वाहन आगे बढ़ा, जिससे एक गरीब सब्जी विक्रेता की दुकान पर रखी सब्जियां बर्बाद हो गईं।

घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। दुकानदारों का आरोप है कि अंचलाधिकारी ने उन्हें चेतावनी दी कि यदि अगले दिन भी वहां सब्जी दुकान लगी, तो उसी तरह कार्रवाई की जाएगी। इससे बाजार में भय का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद बरवाडीह थाना के सब-इंस्पेक्टर नीरज दुबे के कथित बयान को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि उनके बयान से नाराजगी और बढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही व्यवसायिक समिति के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने सांसद कालीचरण सिंह, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और बरवाडीह एसडीपीओ को पूरे मामले से अवगत कराया। वरीय अधिकारियों ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इसके बाद बैंक से बाहर निकलने पर व्यवसायिक समिति के सदस्यों ने अंचलाधिकारी से बातचीत की और इस पूरे घटनाक्रम को मनमानी करार दिया। समिति का कहना है कि राज्य के अन्य स्थानों पर भी सब्जी बाजारों में भीड़ रहती है और बरवाडीह में चारपहिया वाहनों का आवागमन पहले से होता रहा है। वहीं अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
.jpeg)