logo

द फॉलोअप की खबर पर सीएम हेमंत ने लिया संज्ञान, लातेहार की युवती के अपहरण का मामला दर्ज

लदनो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार की रहने वाली युवती का तमिलनाडु में अपहरण हुआ है। द फॉलोअप ने इसे लेकर खबर चलाई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने लातेहार डीसी को मामले की जांच कर लड़की को शीघ्र मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है। इस मामले में मुख्यमंत्री के संज्ञान के बाद एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। युवती की मां ने एसपी को आवेदन देकर अपनी बेटी को सकुशल बरामद करने की गुहार लगायी है। आवेदन में बताया गया कि छह महीने पहले उनकी बेटी गांव की ही एक अन्य युवती के साथ तमिलनाडु काम करने गयी थी। काम से लौटते समय वह त्रिपुर स्टेशन पर उतरी, तभी एक अंजान युवक और युवती उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गये और उसका मोबाइल छीन लिया। बाद में किसी तरह युवती ने अपने मोबाइल नंबर से परिजनों को फोन कर बताया कि उसे किसी अंजान व्यक्ति ने कमरे में बंद कर दिया है और प्रताड़ित किया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता ने परिजनों से पूरी जानकारी ली और सहयोग का आश्वासन दिया। परिजनों का कहना है कि पुलिस मदद कर रही है, लेकिन उनकी बेटी अपहरणकर्ता से काफी डरी हुई है। अपहरणकर्ता ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है और जरूरत पड़ने पर ही परिजनों से बात कराता है। परिजन लगातार पुलिस से संपर्क में हैं और अपनी बेटी को सुरक्षित वापस लाने की अपील कर रहे हैं।