logo

गुमला में मिड-डे मील का सामान ढोते दिखे बच्चे, वीडियो वायरल; हेडमास्टर पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज

सोूोी1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के भरनो प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुम्हरों का एक वीडियो शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कई स्कूली बच्चे यूनिफॉर्म में एनएच-43 के पास सिर और हाथों में मिड-डे मील का सामान ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बच्चे चना, आलू, दाल और तेल जैसी सामग्री लेकर स्कूल की ओर लौटते नज़र आ रहे हैं। बताया गया कि स्कूल में एमडीएम सामग्री खत्म होने के बाद बच्चों को लगभग दो किलोमीटर दूर खरवागढ़ा की किराना दुकान से सामान लाने भेजा गया था।

वीडियो में कुछ बच्चे पैदल सड़क किनारे चलते दिखे, जबकि कुछ बच्चों को बाइक पर बैठाकर सामान पहुँचाते देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई नई घटना नहीं है। हेडमास्टर अरविंद तिवारी पर पहले भी बच्चों से स्कूल का सामान मँगवाने के आरोप लग चुके हैं। अक्सर बच्चों को सब्जी या अन्य एमडीएम सामग्री लाने भेजा जाता रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने इसे नियमों का खुला उल्लंघन बताया।

विवाद बढ़ने पर जब हेडमास्टर अरविंद तिवारी से पूछताछ की गई, तो उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिख रहे बच्चे उनके विद्यालय के नहीं हैं। हालांकि वायरल वीडियो में बच्चे साफ तौर पर विद्यालय की निर्धारित यूनिफॉर्म में देखे जा सकते हैं, जिसके बाद हेडमास्टर की दलील पर सवाल उठने लगे हैं। गुमला जिले में स्कूलों में बच्चों से काम कराने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। अभिभावक और स्थानीय लोग इस घटना की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।